home page

चिट्टा सप्लाई मामले में मुख्य आरोपी डेविड तीन दिन की पुलिस रिमांड पर

 | 
चिट्टा सप्लाई मामले में मुख्य आरोपी डेविड तीन दिन की पुलिस रिमांड पर


शिमला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई में शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पंजाब के जीरकपुर से नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात सप्लायर विजय बिहारी उर्फ डेविड की कस्टडी ट्रांसफर कर उसे दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क के कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले ठियोग के एक एनडीपीएस मामले में न्यायिक हिरासत में था। अब अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर उसे थाना रामपुर लाया गया है, जहां उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, रामपुर में हाल ही में पुलिस ने एक वाहन में सवार दो युवकों के कब्जे से 9.26 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युगल किशोर (35), निवासी एरली, तहसील ननखड़ी और नरेश (23), निवासी शानान, जिला शिमला के रूप में हुई थी। पुलिस रिमांड के दौरान इन दोनों से पूछताछ, मोबाइल सीडीआर, बैंक लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में खुलासा हुआ कि दोनों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए विजय बिहारी उर्फ डेविड से संपर्क कर चिट्टा खरीदा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक डेविड अंतरराज्यीय स्तर पर चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ पाया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी के बैंक खातों और बैकवर्ड लिंक को भी खंगाला जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने डेविड को पहले एक अन्य साथी के साथ जीरकपुर से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि अलग-अलग थानों में दर्ज पांच मामलों में जीरकपुर से विजय उर्फ डेविड ने चिट्टा सप्लाई की थी। इन पांच मामलों में कुल 15 आरोपियों तक करीब 335 ग्राम चिट्टा पहुंचाया गया था। पुलिस को आशंका है कि उसके संपर्क शिमला सहित अन्य जिलों के कई युवाओं तक फैले हो सकते हैं।

आरोपी की पहचान विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी हारी (28), पुत्र शालिग्राम, निवासी बबियाल राणा कॉम्प्लेक्स, थाना महेश नगर, अंबाला कैंट के रूप में हुई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा