home page

किराए के कमरे में चिट्टा बरामद, दो सगे भाइयों सहित तीन गिरफ्तार

 | 
किराए के कमरे में चिट्टा बरामद, दो सगे भाइयों सहित तीन गिरफ्तार


शिमला, 22 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला के लोअर खलीणी इलाके में पुलिस ने किराए के कमरे में दबिश देकर दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 6.560 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर लोअर खलीणी स्थित एक किराए के कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन युवकों के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (26 वर्ष) और रजत कुमार (24 वर्ष) पुत्र केसर सिंह के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई हैं। तीसरे आरोपी की पहचान सोनू (26 वर्ष) पुत्र सत्या के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से गांव सैंज, डाकघर पंदराणू, तहसील जुब्बल, जिला शिमला के रहने वाले हैं और फिलहाल लोअर खलीणी के सूद भवन में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 6.560 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा