home page

चिट्टा तस्करी में बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार, 40 लाख के लेनदेन का खुलासा

 | 
चिट्टा तस्करी में बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार, 40 लाख के लेनदेन का खुलासा


शिमला, 27 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच में लाखों रुपये के लेनदेन का पता चला है।

पुलिस के अनुसार इस मामले की शुरुआत 23 फरवरी को तब हुई थी, जब थाना बालूगंज में एक मामला दर्ज किया गया। इस दौरान अविनाश चौहान, जो शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र का निवासी है, के कब्जे से 6.7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले को सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए इसके पीछे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और उसके बैंक खातों की जांच की। इस प्रक्रिया में सामने आया कि अविनाश चौहान शिमला से बिहार के रहने वाले विशाल नाम के व्यक्ति और उसके साथियों को पैसे भेज रहा था। इसके बाद पुलिस ने इस मनी ट्रेल का पीछा करते हुए बिहार तक पहुंच बनाई।

बालूगंज पुलिस की टीम ने 24 अप्रैल को बिहार के भोजपुर जिले के हरदुआ गांव से दो आरोपियों विशाल यादव (20) और जय प्रकाश (27) को गिरफ्तार किया। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर शिमला लाया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल यादव के बैंक खातों में सिर्फ पांच महीनों के भीतर करीब 40 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। पुलिस के मुताबिक, इन खातों से लगभग रोज नकद निकासी की जाती थी, जिससे यह संदेह और मजबूत होता है कि यह एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी और जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ छोटे स्तर के तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ना है।

एसएसपी ने बताया कि इस साल अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 111 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 235 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए अलग-अलग राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े 30 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि पीआईटी-एनडीपीएस के तहत 35 आदतन अपराधियों को जेल भेजा गया है। नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा