home page

आदतन नशा तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट में भेज़ा जेल

 | 
आदतन नशा तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट में भेज़ा जेल


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन नशा तस्कर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो लोग बार-बार नशे के कारोबार में लिप्त पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ अब निरोधात्मक कार्रवाई सख्ती से की जा रही है, ताकि उन्हें समाज और सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रखा जा सके।

इस कार्रवाई के तहत खेमराज उर्फ सनी वालिया, निवासी गांव व डाकघर बसंतपुर, तहसील व थाना सुन्नी, जिला शिमला को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की उम्र 40 वर्ष बताई गई है और उसे 21 अप्रैल को बसंतपुर क्षेत्र से पुलिस टीम ने डिटेन किया। यह कार्रवाई थाना सुन्नी पुलिस और जिला शिमला की डीसीआरबी टीम के सहयोग से की गई। इसके बाद आरोपी को 22 अप्रैल को आदर्श कारागार कंडा में दाखिल कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट की धारा 3(1) के तहत निरोधात्मक डिटेंशन आदेश हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुमोदित किए गए थे। इसी आदेश के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार खेमराज उर्फ सनी वालिया लंबे समय से नशा तस्करी के मामलों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। इनमें थाना सुन्नी और बालूगंज थाने में पांच एफआईआर दर्ज हैं। इन सभी मामलों में आरोपी पर नशीले पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े आरोप दर्ज हैं।

इसके अलावा वर्ष 2015 में थाना ढली में उसके खिलाफ एक अलग मामला भी दर्ज रहा है, जिसमें घर में अनाधिकृत प्रवेश, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों, नशा तस्करी में सक्रिय भूमिका और बार-बार अपराध दोहराने की प्रवृत्ति को देखते हुए पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कठोर कार्रवाई जरूरी हो गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि समाज में नशे के बढ़ते खतरे को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा