मनाली में 15.240 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब की महिला गिरफ्तार
कुल्लू, 07 जून (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत मनाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चचोगा क्षेत्र से एक महिला को भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार नशा तस्करी का मामला रविवार को उस दौरान सामने आया जब मनाली पुलिस थाना की टीम को चचोगा स्थित होटल विंटेज के पास एक रिहायशी मकान में नशे की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित और सुनियोजित तरीके से उक्त मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां किराए के कमरे में रह रही महिला के कब्जे से 15.240 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि बरामद की गई हेरोइन की अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख आंकी जा रही है। आरोपी महिला की पहचान पंजाब के जिला तरनतारन की निवासी के रूप में हुई है। मनाली पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मनाली पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे का यह खेप कहाँ से लाई गई थी और मनाली तथा इसके आसपास के इलाकों में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का दावा है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द ही बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

