जिया पुल के पास 5.70 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
कुल्लू, 9 नवंबर (हि.स.)। जिला कुल्लू में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिया पुल फ्लाईओवर के पास एक युवक को 5.70 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की डिटेक्शन सेल ने यह कार्रवाई 7 नवंबर को की।
पुलिस के अनुसार भुंतर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिया पुल फ्लाईओवर के पास टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक ऑल्टो के-10 कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार युवक के कब्जे से 5.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान रवि कुमार (25) पुत्र दयाल चंद निवासी गांव शाड़ाबाई, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह ऑल्टो के-10 कार नंबर HP8689A-T0125 में सवार था।
पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

