शिमला : अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़, लोकेशन भेजकर होती थी ‘चिट्टा’ की सप्लाई
शिमला, 17 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है, जो “लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी” के जरिए नशे की सप्लाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में नशे को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर उसकी लोकेशन ग्राहकों तक भेजी जाती थी। इससे वे वहां से खुद ही मादक पदार्थ उठा लेते थे।
मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से 34 वर्षीय लुकास नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसे इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन डिजिटल उपकरणों की जांच से नेटवर्क के और लिंक सामने आ सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक यह मामला थाना जुब्बल में दर्ज एक केस से सामने आया। 9 फरवरी को एनएच-705 पर गश्त के दौरान बौली नाला के पास पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवती को संदिग्ध हालत में पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण किया। इन डिजिटल साक्ष्यों से पता चला कि युवती के संपर्क पंजाब के ड्रग तस्करों से थे और यह नेटवर्क जुब्बल-रोहड़ू क्षेत्र के कुछ स्थानीय युवाओं तक फैला हुआ था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवती का काम नशे की खेप को अलग-अलग जगहों पर छिपाना और उन स्थानों की फोटो या वीडियो बनाकर मुख्य सप्लायर को भेजना था। इसके बाद सप्लायर वही लोकेशन ग्राहकों को भेज देता था। पुलिस का कहना है कि इस तरह का यह संगठित “लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी मॉड्यूल” अब ध्वस्त कर दिया गया है।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर पंजाब के मोहाली, खरड़ और अमृतसर में लगातार दबिश दी, जिसके बाद मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की सप्लाई करता था।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जिला पुलिस शिमला का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

