आनी में 7 किलो चरस सहित हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
कुल्लू, 21 मई (हि.स.)। जिला कुल्लू के थाना आनी क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलोग्राम चरस बरामद कर हरियाणा के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस दल ने निगाण चौक पर नाकाबंदी के दौरान एचआर 31 वी-1424 नंबर की एक गाड़ी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार हरियाणा निवासी एक व्यक्ति और एक महिला के कब्जे से 7 किलो चरस (कैनाबिस) बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौंडल ने बताया कि इस मामले में थाना आनी में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

