home page

शिमला में नशे पर पुलिस का शिकंजा, एक सप्ताह में सात मामले दर्ज, 12 लोग गिरफ्तार

 | 

शिमला, 02 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बीते एक सप्ताह के दौरान व्यापक अभियान चलाते हुए सात मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक 21 से 28 फरवरी 2026 के बीच की गई कार्रवाई में करीब 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ और 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

जिला पुलिस इस अभियान को अपनी “जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट ड्रग एब्यूज (चिट्टा)” नीति का हिस्सा बता रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिले भर में निगरानी और छापेमारी बढ़ाई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सबसे पहले चिड़गांव थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति से 4.53 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

इसी दिन न्यू शिमला के लोअर खलीनी स्थित एक भवन में जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उनके कब्जे से 6.560 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

बालूगंज थाना क्षेत्र में भी लगातार कार्रवाई देखने को मिली। 23 फरवरी को एमसी पार्किंग रोड पर बोलेरो वाहन की तलाशी में चालक से 6.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अगले दिन मोती निवास में छापेमारी के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार कर करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद करने का दावा किया गया।

पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को घोड़ा चौकी के पास एक टीन शेड से एक आरोपी को 6.51 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। वहीं देहा थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक युवक से 5.52 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

सप्ताह के अंत में आईएसबीटी शिमला में गश्त कर रही स्पेशल टीम ने पंजाब के पटियाला निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 11 ग्राम से अधिक हेरोइन मिलने की बात कही गई है।

पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की जांच चल रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद चिट्टा किस नेटवर्क के जरिए जिले तक पहुंच रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा