home page

मनाली में हेरोइन की खेप के साथ अमृतसर का परिवार गिरफ्तार

 | 
मनाली में हेरोइन की खेप के साथ अमृतसर का परिवार गिरफ्तार


कुल्लू, 07 जुलाई (हि.स.)। घाटी को नशे के गर्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ मनाली पुलिस ने एक और बड़ी और सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलेऊ (झाड़ग) क्षेत्र में किराये के एक मकान पर रेड डालकर अमृतसर (पंजाब) के एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से हेरोइन (चिट्टा) और ड्रग मनी (नकदी) बरामद की है।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नशे के इस काले कारोबार को अंजाम देने के लिए पूरा परिवार और उनके करीबी शामिल थे। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार मनाली पुलिस की टीम को पुख्ता इनपुट मिला था कि झाड़ग (अलेऊ) स्थित एक रिहायशी मकान में किराये पर रह रहे कुछ लोग बाहरी राज्यों से चिट्टा लाकर यहाँ उसकी सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए पूरी तैयारी के साथ उक्त मकान पर दबिश दी। अचानक हुई इस छापेमारी से तस्करों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तलाशी के दौरान मकान से भारी मात्रा में हेरोइन और तस्करी की नकदी बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से जिन चार आरोपियों को दबोचा है, वे सभी अमृतसर, पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ सूमा (35), निवासी फतेहपुर राजपूत, अमृतसर, गहनेशाह उर्फ अंश (22), निवासी मझीठा, अमृतसर, गहनेशाह की पत्नी (20) जो इस अवैध धंधे में अपने पति का साथ दे रही थी।

गहनेशाह की मुंहबोली माता (35) पत्नी लवीश महाजन, निवासी खजाना गेट, अमृतसर के कब्जे से 26.200 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और ₹20,000 की ड्रग मनी (नकदी) बरामद की है। डीएसपी मनाली क्षमादत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।

पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा मनाली में कहाँ से लाया गया था? इस सिंडिकेट की सप्लाई चेन कहाँ-कहाँ जुड़ी है और मनाली व कुल्लू घाटी में इनके स्थानीय पेडलर्स कौन हैं? पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह