home page

सड़क हादसे में पालतू कुत्ते की मौत, मालिक ने दर्ज करवाई एफआईआर

 | 
सड़क हादसे में पालतू कुत्ते की मौत, मालिक ने दर्ज करवाई एफआईआर


शिमला, 07 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर में सड़क हादसे में एक पालतू कुत्ते की मौत के बाद मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। कुत्ते के मालिक की शिकायत पर पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस अब आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत दर्ज किया गया। शिकायत कंचन गुप्ता पत्नी रमाकांत गुप्ता निवासी शीश महल रामपुर ने दर्ज करवाई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 5 मई की देर शाम करीब 8:15 बजे वह अपने पालतू कुत्ते को शौच के लिए दुकान के बाहर लेकर गई थीं। इसी दौरान कुत्ता अचानक भागकर नव नभ होटल की ओर चला गया। जब वह उसके पीछे वहां पहुंचीं तो देखा कि एक ट्रक कुत्ते को कुचलकर निकल चुका था। हादसे में कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनका कुत्ता परिवार का हिस्सा था और उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। कंचन गुप्ता ने कहा कि वह आरोपी ट्रक चालक को सलाखों तक पहुंचाने के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगी।

उधर, रामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे में शामिल ट्रक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा