दो युवकों में देवता को लेकर विवाद खूनी झड़प में बदला
सोलन, 17 अगस्त (हि.स.)। सोलन के करोल कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में शराब पार्टी के दौरान देवता को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी बताई गई है ।
सोलन के बसाल में स्थित करोल कॉलोनी के किराए के कमरे में 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे तीन युवक मयंक, सारांश और निखिल शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान देवता को लेकर मयंक और निखिल के बीच बहस शुरू हुई और देखते ही देखते बहस मारपीट में तबदील ही गई । मयंक और निखिल की बहस को बढ़ता देख सारांश ने दोनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन निखिल ने टूटी शराब की बोतल से मयंक के सिर पर वार कर दिया। जिससे 18 वर्षीय युवक मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने वाले उसके साथी सारांश तेजवान को भी चाकू और टूटी बोतल से चोटें आईं। पुलिस ने मुख्य आरोपी निखिल संजटा (19) को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों युवक झगड़ा करते हुए बाथरूम में पहुंच गए, जहां निखिल ने शेफ चाकू से मयंक पर हमला कर दिया। सारांश जब मदद के लिए बाहर निकलने लगा तो आरोपी ने उसके बाएं कंधे पर भी चाकू से दो वार किए। सारांश ने वैभव को बुलाया और दोनों जब कमरे में लौटे तो मयंक बाथरूम के बाहर पेट पकड़कर खड़ा मिला। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मयंक का उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर आरोपी निखिल संजटा, निवासी गांव दिस्वानी, डाकघर कलोटी, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला को 16 अगस्त को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। आरोपी को 17 अगस्त को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसपी सोलन एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने तेजधार हथियार से मयंक और शिकायतकर्ता सारांश पर हमला किया। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

