home page

मंडी पुलिस ने पकड़ा दिल्ली-मनाली वोल्वो बस में सवार युवक युवती से 143 ग्राम चिट्टा, गिरफ्तार

 | 
मंडी पुलिस ने पकड़ा दिल्ली-मनाली वोल्वो बस में सवार युवक युवती से 143 ग्राम चिट्टा, गिरफ्तार


मंडी, 28 जुलाई (हि.स.)। नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे मंडी जिला पुलिस के अभियान में मंगलवार सुबह एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। दिल्ली से मनाली जा रही एक वोल्वो बस में सवार युवक युवती से 143 ग्राम 180 मिलीग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों ही आरोपी कुल्लू जिला के रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मंडी पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार सुबह जब सुंदरनगर थाना की पुलिस ने फोरलेन पर पंुघ में नाका लगा रखा था और वाहनों को चेक किया जा रहा था तो इस दौरान दिल्ली से मनाली जा रही एक वोल्वो बस को भी रोका गया। चेकिंग के दौरान बस में सवार एक युवक व युवती पर संदेह हुआ और वह घबराए हुए पाए गए तो उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान इनमें पास से 143 ग्राम 180 मिलीग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की गई। इनकी पहचान हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू व अंशिता नेगी निवासी मनाली जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। दोनों ही आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन दोनों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया गया है तथा इनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार चिट्टा की यह मात्रा अत्याधिक है। ऐसे में इसके स्त्रोत एवं इस अवैध करोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा