संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, दहेज हत्या का आरोप
अमेठी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे रिशाल का पुरवा (पूरे परवानी) में उस समय सनसनी फैल गई जब एक नवविवाहिता का शव हैदराबाद से एंबुलेंस द्वारा गांव लाया गया। मृतका के मायके वालों ने इस मामले को संदिग्ध बताते हुए मुसाफिरखाना कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में लगी हुई है।
युवती के पिता मोहम्मद कलाम ने बताया कि उनकी पुत्री हिना का निकाह करीब 11 महीने पहले रिजवान नामक युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और अंततः दहेज के लालच में उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि हिना को हैदराबाद में तड़पा-तड़पाकर मार डाला गया और बाद में उसका शव एंबुलेंस से गांव भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि पति रिजवान ने फोन के माध्यम से हिना की मौत की सूचना दी। इधर, शव गांव पहुंचने पर मामला और संदिग्ध हो गया। परिजनों के अनुसार, मृतका के शरीर पर छाले जैसे निशान दिखाई दे रहे थे तथा दाहिने हाथ में ड्रिप (विगो) लगा हुआ था, जिससे मामला और भी संदेहास्पद बन गया है।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और शरीर फूल चुका था।
मुसाफिरखाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

