सेंधवा में ढाबा संचालक की पत्थर से हत्या, आरोपी फरार
बड़वानी, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बलवाड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक ढाबा संचालक की पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा जैसे पर्व के दिन हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सम्राट ढाबा के संचालक निलेश भावसार (45) सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से वरला रोड स्थित ढाबे के लिए निकले थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी मनोज बिरारे (35) ने पीछे से बाइक से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निलेश सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी ने पास पड़े ईंट-पत्थरों से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने से निलेश अचेत हो गए। घटना स्थल उनके घर से करीब 100-200 मीटर दूर था। शोर सुनकर परिजन और ढाबे का एक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मनोज बिरारे अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
एसडीओपी अजय वाघमारे के अनुसार आरोपी मृतक का पड़ोसी है और सहकारिता समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले बाइक से टक्कर मारी गई और फिर पत्थरों से हमला कर हत्या की गई, हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नारायण रावल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम किया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वरला भेज दिया गया है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore

