home page

जबलपुर : रील बना रही चार लड़कियां बरगी बांध की नहर में गिरी, तीन डूबीं, दो शव बरामद

 | 
जबलपुर : रील बना रही चार लड़कियां बरगी बांध की नहर में गिरी, तीन डूबीं, दो शव बरामद


जबलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालीवाड़ा में स्थित बरगी बांध की नहर किनारे गुरुवार पूर्वान्ह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रील बना रही चार किशोरियां अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव वाली नहर में गिर गईं।

चारों में से एक किशोरी को तैरना आता था, वह किसी तरह बाहर निकल आई और अपनी सहेलियों को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों लड़कियां देखते ही देखते पानी में बह गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बताया गया है कि चारों लड़कियां एक ही परिवार से हैं और सालीवाड़ा में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। घटना के समय वे नहर किनारे नहाने के दौरान मोबाइल से रील बना रही थीं, तभी संतुलन बिगड़ने से एक-एक कर पानी में गिर गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और होमगार्ड का गोताखोर दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल (16 वर्ष) और सानिया पटेल (14 वर्ष) के शव बरामद कर लिए गए।

वहीं 14 वर्षीय तनु पटेल की तलाश जारी है। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दो बेटियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक