बहन से दोस्ती को लेकर विवाद में युवक की हत्या
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के शकूरपुर गांव में बहन से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय नौशाद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत तीन आरोपितों को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले हुए मामूली विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। शकूरपुर गांव में आरोपितों और नौशाद के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नौशाद को भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना सुभाष प्लेस में हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ा। इनमें दो नाबालिग हैं। गिरफ्तार लोगों में एक अतीकुर्रहमान भी हैै। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश के साथ ही सभी की भूमिका की जांच कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

