home page

ट्रेडिंग से मुनाफे का झांसा देकर 7.82 लाख रुपये ठगे, एफआईआर

 | 
ट्रेडिंग से मुनाफे का झांसा देकर 7.82 लाख रुपये ठगे, एफआईआर


शिमला, 01 अगस्त (हि.स.)। सोशल मीडिया पर तेजी से मुनाफा कमाने के दावे लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बन रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने फेसबुक पर दिखाए गए ट्रेडिंग ऐप के विज्ञापन पर भरोसा कर लाखों रुपये निवेश कर दिए। शिकायत के अनुसार निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया, लेकिन बाद में पूरी राशि हड़प ली गई।

इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पहले साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता का निवास पुलिस थाना कुमारसैन के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण आगे की जांच के लिए मामला वहां भेजा गया।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील मेहता निवासी गांव कवानू, तहसील कुमारसैन ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में कहा गया है कि फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें निवेश की गई राशि को दोगुना करने का दावा किया गया था। इस दावे पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपये निवेश किए। आरोप है कि बाद में यह पूरी रकम धोखाधड़ी कर हड़प ली गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच अब पुलिस थाना कुमारसैन कर रहा है। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों, निवेश की प्रक्रिया, रकम के लेनदेन और संबंधित खातों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा