home page

ऑनलाइन फर्जी निवेश ठगी के पांच मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार, 14.70 लाख रुपये बरामद

 | 
ऑनलाइन फर्जी निवेश ठगी के पांच मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार, 14.70 लाख रुपये बरामद


शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन फर्जी निवेश ठगी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन मामलों की जांच के दौरान आरोपियों से कुल 14.70 लाख रुपये बरामद किए हैं। साइबर क्राइम पुलिस के अधीक्षक अभिषेक एस. ने शनिवार को ये जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, नॉर्दर्न रेंज धर्मशाला की तीन विशेष जांच टीमों को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और कर्नाटक भेजा गया था। इन टीमों ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों की पहचान कर उनके नेटवर्क तक पहुंचने का काम किया।

पुलिस के अनुसार मई 2026 में सामने आए 32 लाख रुपये के फर्जी निवेश ठगी मामले की जांच के लिए हेड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल ओंकार सिंह की टीम बेंगलुरु पहुंची थी। इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी बैंक खाता धारक अबू सल्या को गिरफ्तार किया गया। वह बेंगलुरु, कर्नाटक का रहने वाला है। जांच के दौरान आरोपी से सात लाख रुपये बरामद किए गए।

मार्च 2024 में दर्ज आठ लाख रुपये के फर्जी निवेश ठगी मामले में पुलिस टीम ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कटोच, हेड कांस्टेबल अनीश कुमार और कांस्टेबल अनुज पराशर की टीम ने उत्तर दिल्ली निवासी आरोपी निशा को पकड़ा। पुलिस ने जांच के दौरान उससे पांच लाख रुपये बरामद किए।

दिसंबर 2025 में दर्ज 50 लाख रुपये के फर्जी निवेश ठगी मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध सिंह, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल विनोद कुमार और कांस्टेबल ओंकार सिंह की टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से 18 जुलाई 2026 को आगरा निवासी राजकुमारी को गिरफ्तार किया। इस मामले में जांच के दौरान आरोपी से 2.70 लाख रुपये बरामद किए गए।

इसके अलावा जांच टीमों ने फर्जी निवेश से जुड़े तीन अन्य साइबर ठगी मामलों में आगरा, उत्तर प्रदेश से दो और पूर्वी दिल्ली से एक आरोपी खाता धारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कानून के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए हैं। इन तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी निवेश योजनाओं से सावधान रहें। पुलिस ने कहा है कि कम समय में अधिक मुनाफा देने का दावा करने वाली योजनाओं में निवेश करने से बचें और किसी भी तरह के ऑनलाइन वित्तीय लालच में न आएं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाएं। साइबर क्राइम पुलिस के अधीक्षक अभिषेक एस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा