बैंक खाते से छह लाख रुपये निकले, साइबर ठगी का मामला दर्ज
शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के चिड़गांव में एक व्यक्ति के बैंक खाते से छह लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 2 और 3 अक्टूबर 2026 को उसके खाते से उसकी जानकारी और सहमति के बिना यह राशि निकाली या स्थानांतरित की गई। चिड़गांव पुलिस थाने में इस संबंध में ठगी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार चिड़गांव थाना क्षेत्र के चिडग़ांव तहसील के गांव दुनाना निवासी विनोद कुमार (46) ने इस संबंध में शिकायत दी है। शिकायत में विनोद कुमार ने बताया कि 2 अक्टूबर से 3 अक्टूबर के बीच किसी अज्ञात साइबर ठग ने उसके बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन किए। इन लेनदेन के माध्यम से उसके खाते से छह लाख रुपये की राशि निकाली या स्थानांतरित की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने इन लेनदेन के लिए कोई अनुमति नहीं दी थी।
शिकायत के अनुसार 2 अक्टूबर को विनोद कुमार के मोबाइल फोन पर बैंक खाते से रकम डेबिट होने के संदेश आने लगे थे। उस समय वह अपने खाते में उपलब्ध शेष राशि नहीं देख पा रहा था। 3 अक्टूबर को सुबह करीब 9:30 बजे उसके मोबाइल फोन पर 50 हजार रुपये डेबिट होने का एक और संदेश आया। इसके बाद वह चिड़गांव स्थित यूको बैंक पहुंचा। वहां बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर उसे खाते से हुई लेनदेन की जानकारी मिली।
खाते के स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि 2 और 3 अक्टूबर को कुल छह लाख रुपये की राशि पांच यूपीआई लेनदेन के माध्यम से डेबिट हुई थी। शिकायतकर्ता ने इन लेनदेन को अनधिकृत बताया है। उसके अनुसार खाते से निकाली गई राशि के बारे में उसे पहले जानकारी नहीं थी और उसने इन लेनदेन की अनुमति भी नहीं दी थी।
पुलिस ने विनोद कुमार की शिकायत के आधार पर चिड़गांव पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

