जबलपुर: अवैध हथियार कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार, 49 चाइना चाकू जब्त
जबलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल, रांझी तथा पनागर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 चाइना चाकू जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह तथा संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल की टीम ने एसबीआई बैंक के पास एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल निवासी महाराजपुर बताया। उसके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले से 38 चाइना चाकू बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यूट्यूब के माध्यम से अजमेर के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला था, जिससे संपर्क कर वह अजमेर रेलवे स्टेशन से 60 चाकू खरीदकर लाया था। इनमें से कुछ चाकू वह अपने परिचितों को दे चुका था।
इसी दौरान पुलिस ने अभिषेक कोल को 6 चाकू तथा आकाश उर्फ काला सिंह को 2 चाकू के साथ गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ अधारताल थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
मुखबिर की सूचना पर थाना रांझी पुलिस ने गांधी मैदान क्षेत्र से साहिल केवट को एक चाइना चाकू के साथ तथा व्हीएफजे के सामने से गगन रैकवार को एक चाइना चाकू सहित गिरफ्तार किया। दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
थाना पनागर पुलिस ने फूटाताल रोड स्थित सरकारी कॉलेज के पास दबिश देकर मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन को एक चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार, थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी, थाना प्रभारी पनागर विपिन बिहारी सिंह, अपराध डीएसपी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अवैध हथियारों के कारोबार पर प्रभावी प्रहार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

