home page

जबलपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

 | 
जबलपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती


जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिलेे के पाटन थाना क्षेत्र के खमदेही गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दिए जाने का मामला सामने आया है। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि ग्रामीणों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम खमदेही निवासी धर्मेंद्र रैकवार और रामनारायण पटेल के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। शनिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि रामनारायण पटेल ने देसी कट्टे से धर्मेंद्र रैकवार पर फायर कर दिया। गोली सीधे धर्मेंद्र के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद आरोपित रामनारायण पटेल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक