home page

बुढागर तालाब के पास अवैध रेत से भरा डम्फर जब्त, चालक फरार

 | 
बुढागर तालाब के पास अवैध रेत से भरा डम्फर जब्त, चालक फरार


जबलपुर, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गोसलपुर थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर का डम्फर जब्त किया है। वाहन में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से भाग निकला।

शनिवार को थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान देवनगर से बुढागर की ओर जाने वाले रास्ते पर बुढागर तालाब की मेढ़ के पास एक संदिग्ध डम्फर दिखाई दिया। डम्फर का अगला हिस्सा सफेद और बॉडी पीले रंग की थी, जिस पर “MDT” लिखा हुआ था।

पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें क्षमता के बराबर रेत भरी मिली। पूछताछ और दस्तावेज जांच से पहले ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में रेत चोरी कर अवैध परिवहन किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने डम्फर सहित रेत को जब्त कर लिया है। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 77/177 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक