जबलपुर में दिनदहाड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावर फरार
जबलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की जबलपुर शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया है। ताजा मामला गुरुवार सुबह रांझी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति चौराहे का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक 35 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक चौराहे के पास खड़ा था, तभी बाइक पर सवार दो से तीन युवक वहां पहुंचे और बिना किसी विवाद के उस पर गोलियां चला दीं। बदमाशों ने युवक के सिर और हाथ को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
रांची थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि जैसे ही वारदात की सूचना मिली तत्काल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची एवं घायल को इलाज हेतु मेडिकल पहुंचाया। साथ ही नाकेबंदी कर अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब दिनदहाड़े चौराहों पर इस तरह गोलियां चलने लगें, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

