जबलपुरः नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4 हजार नशीले इंजेक्शन जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार
जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नशीले इंजेक्शनों की अवैध तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख 34 हजार 300 रुपये कीमत के 4 हजार नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
शनिवार को पुलिस ने एक ब्रीफिंग के जरिए जानकारी दी कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार क्रमांक एमपी 20 सीडी 7249 में सवार दो व्यक्ति नशीले इंजेक्शनों की खेप खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। दोनों भारत पेट्रोल पंप के पीछे गोयल टीमटी गेट के सामने संदिग्ध हालत में मौजूद थे। सूचना पर क्राइम ब्रांच, कोतवाली थाना पुलिस और उखरी चौकी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार सवार दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान जयंत राय (36) और अमित पैगवार (41), निवासी तुलसी मोहल्ला, बाई का बगीचा, बेलबाग के रूप में हुई। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें रखे चार पीले थैलों से कार्टून बॉक्स और डिब्बे बरामद हुए। इनमें 2 हजार शीशी एविल (10 एमएल) और 2 हजार ब्यूप्रेनोर्फिन (टेलजेसिक 2 एमएल) इंजेक्शन रखे हुए थे। जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशीले इंजेक्शनों की यह खेप उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लेकर आए थे। उनका इरादा शहर में नशे के आदी लोगों को इंजेक्शन फुटकर में बेचने का था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी जयंत राय आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ ड्रग एक्ट और मारपीट सहित 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूर्व में उसके विरुद्ध एनएसए के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, दूसरे आरोपी अमित पैगवार के खिलाफ ड्रग एक्ट सहित दो मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी, क्राइम ब्रांच और उखरी चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

