home page

जबलपुर: उधारी के 5 हजार मांगने पर युवक पर चाकू से हमला

 | 
जबलपुर: उधारी के 5 हजार मांगने पर युवक पर चाकू से हमला


जबलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रांझी थाना क्षेत्र के रावण पार्क इलाके में उधार दिए गए पांच हजार रुपये वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। रकम लौटाने के बजाय आरोपी ने युवक से शराब पीने के लिए और पैसे मांगे। इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक के दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, नानकनगर सांईधाम कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय क्रिश रजक जयंती कॉम्प्लेक्स स्थित मोबाइल दुकान में काम करता है। करीब एक साल पहले रावण पार्क निवासी तिलक गुप्ता ने उससे पांच हजार रुपये उधार लिए थे। लंबे समय से रकम लौटाने में आनाकानी कर रहे तिलक ने बीती रात करीब 12 बजे क्रिश को व्हाट्सएप पर मैसेज कर पैसे लौटाने के बहाने अपने घर के पास बुलाया।

क्रिश जब वहां पहुंचा तो तिलक ने उधारी की रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया और उल्टा शराब पीने के लिए और पैसे मांगने लगा। क्रिश ने जब रुपये देने से मना किया तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने चाकू निकालकर क्रिश पर हमला कर दिया। हमले में उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को एकत्र होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। घायल क्रिश ने रांझी थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने आरोपी तिलक गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक