home page

जबलपुर : शराब के लिए रुपये मांगने पर विवाद, चाकू से हमला कर युवक को किया घायल

 | 
जबलपुर : शराब के लिए रुपये मांगने पर विवाद, चाकू से हमला कर युवक को किया घायल


जबलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के

जबलपुर में रांझी थाना क्षेत्र स्थित भूमिया मोहल्ला में मामूली विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल अमर भूमिया को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

रांझी थाना पुलिस के अनुसार भूमिया मोहल्ला निवासी ललित भूमिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे उसकी भतीजी रश्मि भूमिया का विवाह समारोह चल रहा था और घर पर रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था।

इसी दौरान मंजीत चौधरी और सोनू चौधरी वहां पहुंचे तथा उसके बड़े भाई अमर भूमिया से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग करने लगे।

अमर भूमिया द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मंजीत चौधरी ने चाकू निकालकर अमर पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं।

बीच-बचाव करने पहुंचे ललित भूमिया के साथ भी सोनू चौधरी ने मारपीट कर उसके सिर में चोट पहुंचाई।

घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन घायल अमर भूमिया को पहले रांझी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक