home page

जबलपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग से चाकू की नोक पर लूटी सोने की चेन, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

 | 
जबलपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग से चाकू की नोक पर लूटी सोने की चेन, तीन नकाबपोश बदमाश फरार


जबलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। गढ़ा क्षेत्र में बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले डिफेंस फैक्ट्री के एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारी को तीन नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूट लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और बिना नंबर की बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद गढ़ा थाना पुलिस ने लूट का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डिफेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रामगोपाल कुशवाहा रोजाना की तरह सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान जब वे गढ़ा स्थित खेरमाई मंदिर के सामने से गुजर रहे थे, तभी काले रंग की बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि रामगोपाल कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए गले से सोने की चेन लूट ली।

वारदात के बाद आरोपी धमकाते हुए मौके से भाग निकले। घटना से घबराए बुजुर्ग ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। रामगोपाल ने तत्काल परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ गढ़ा थाने पहुंचकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित के मुताबिक, तीनों बदमाशों की उम्र करीब 20 से 24 वर्ष के बीच थी। उन्होंने लाल, काली और चेकदार शर्ट से अपने चेहरे ढक रखे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

सुबह-सुबह मंदिर के पास हुई इस लूट की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिना नंबर की बाइक से फरार हुए बदमाशों का सुराग जुटाने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक