home page

जबलपुर : छत पर चढ़कर पुलिस पर किया पथराव, 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
जबलपुर : छत पर चढ़कर पुलिस पर किया पथराव, 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


जबलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामले में चार महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल दुबे को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर तीन मंजिला मकान की छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर किसी तरह उसे काबू में लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि 5 हजार रुपये का इनामी राहुल दुबे कई महीनों से फरार था। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही राहुल घर के अंदर भाग गया।

पुलिस ने मकान की घेराबंदी की तो आरोपी तीन मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया। उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो उसने गिरफ्तार किए जाने पर छत से नीचे कूदने की धमकी दी। पुलिसकर्मी उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपी ने छत से पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने पत्थरों से बचते हुए घेराबंदी जारी रखी और आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक राहुल दुबे क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब एक साल पहले उसने क्राइम स्क्वॉड की टीम पर भी हमला किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास जुलूस के रूप में ले जाया और फिर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक