जबलपुर : मामूली विवाद सुलझाने पहुंचे सराफा कारोबारी के बेटे पर हमला
जबलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के साकार उदय, विजय नगर में रविवार दोपहर मामूली विवाद सुलझाने पहुंचे सराफा कारोबारी के बेटे और उसके दोस्तों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अनिकेत पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दो साथी भी घायल हुए हैं। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी में तोड़फोड़ कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय अनिकेत पाटिल निवासी साठिया कुआं, हनुमानताल अपने पिता शाहजी पाटिल के साथ सराफा बाजार में एसके ज्वेलर्स का संचालन करता है। बीती रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों अमन बर्मन और साहिल खान के साथ विजय नगर में था। इसी दौरान साकार उदय निवासी उसके दोस्त हरसू जगदाले का फोन आया। हरसू ने बताया कि उसकी मां के साथ पड़ोस में रहने वाले लोग गाली-गलौज कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही अनिकेत अपने दोनों दोस्तों के साथ स्कूटी से हरसू के घर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद विक्की ठाकुर, महिपाल सिंह राजपूत और उनके दो अन्य साथियों ने अनिकेत से विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर चारों ने लोहे की रॉड से अनिकेत के पैरों पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे हरसू जगदाले और अमन बर्मन पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे दोनों के सिर और हाथों में चोटें आईं। इसके बाद हमलावरों ने स्कूटी में तोड़फोड़ की और मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। संभावि8त ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

