home page

जबलपुर : सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर धारदार हथियार से हमला, दोस्त से भी मारपीट

 | 
जबलपुर : सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर धारदार हथियार से हमला, दोस्त से भी मारपीट


जबलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मदन महल थाना क्षेत्र में दद्दा परिसर के सामने बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ता रोककर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष सेन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में हर्ष के नाक और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी साहिल पटेल के चेहरे, हाथ-पैर में चोटें आई हैं। वारदात के बाद तीनों आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के करेली निवासी 21 वर्षीय हर्ष सेन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह अपने साथी साहिल पटेल के साथ जबलपुर में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने आया था। बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात दोनों रानीताल से दर्शन कर स्कूटी से होटल लौट रहे थे। इसी दौरान दद्दा परिसर के सामने आगे चल रहे बाइक सवार युवकों को साइड देने के लिए हर्ष ने हॉर्न बजाया।

हॉर्न बजाने पर बाइक सवार युवक रुक गए और गाली-गलौज करने लगे। हर्ष ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हर्ष को बचाने के लिए साहिल ने बीच-बचाव किया, लेकिन हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने अपने साथी को पीयूष पचौरी नाम से संबोधित करते हुए उसे छोड़ने की बात कही।

शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग रुकने लगे तो तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इसके बाद दोनों घायलों ने मदन महल थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक