home page

जबलपुर: सोते समय गायब हुई 2 साल की मासूम, घर के पास रोती मिली,अपहरण का मामला दर्ज

 | 
जबलपुर: सोते समय गायब हुई 2 साल की मासूम, घर के पास रोती मिली,अपहरण का मामला दर्ज


जबलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में विजयनगर थाना क्षेत्र के सनातन चौक में शनिवार रविवार की दरमियानी रात दो वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। श्रमिक दंपती की बच्ची घर में सो रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह घर के पास ही रोती-बिलखती हालत में मिली।

बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोई अज्ञात युवक गलत इरादे से बच्ची को अपने साथ ले गया था। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका को लेकर अभी जांच जारी है। पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर संदिग्ध आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने चिकित्सकों से बच्ची की विस्तृत मेडिकल जांच रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आवश्यक अतिरिक्त कानूनी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक