home page

जबलपुर : युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, चाकू और कपड़े बरामद

 | 
जबलपुर : युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, चाकू और कपड़े बरामद


जबलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा चौराहे पर विवाद के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था, लेकिन पुलिस ने उसे तिलवारा घाट क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहने हुए कपड़े बरामद किए गए हैं।

शनिवार को पुलिस ने बताया कि ग्राम सालीवाड़ा निवासी बैजनाथ यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई नम्मीलाल उर्फ छोटू यादव और रिश्ते का भाई संतोष यादव सालीवाड़ा चौराहे पर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव का घनश्याम केवट वहां पहुंचा और दोनों से अपने घर के सामने बैठने को लेकर विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से नम्मीलाल यादव के पेट में हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए संतोष यादव पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर सिर और होंठ के ऊपर चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल नम्मीलाल और संतोष को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। नम्मीलाल यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष यादव को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट पर बरगी पुलिस ने आरोपी घनश्याम केवट के खिलाफ धारा 103(1), 109(1) और 296(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस को आरोपी के तिलवारा घाट में होने की सूचना मिली। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपने बाल और दाढ़ी-मूंछ कटवा लिए थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया और बताया कि चाकू तथा घटना के समय पहने कपड़े सालीवाड़ा फाटक के पास पुराने स्कूल के खंडहर में छिपाए हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों बरामद कर लिए। आरोपी घनश्याम केवट (23), निवासी ग्राम सालीवाड़ा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक