जबलपुरः सनसनीखेज हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र की बघराजी चौकी अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी सुखसेन सिंह मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका साला जगदीश सिंह मरावी निवासी ग्राम कल्याणपुर, पानी की टंकी के पास रहता था। 30 सितंबर 2026 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच आरोपी परीवा बैगा सिंह और अग्नेयू उर्फ अघनू विश्वकर्मा पुरानी रंजिश और विवाद के चलते जगदीश के यहाँ घुस गए।
आरोपियों ने जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके गले और सीने पर कई गंभीर वार किए गए। हमले में जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
हत्या की सूचना मिलते ही बघराजी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं धारा 3(2-1) एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों परीवा बैगा और अग्नेयू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

