जबलपुर : सोलर कंपनी में 70-75 ऑर्डर का कथित धोखाधड़ी, जीएम समेत तीन कर्मचारियों पर केस दर्ज
जबलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में लार्डगंज थाना क्षेत्र में संचालित एक सोलर कंपनी में कथित धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला मंगलवार को सामने आया है। कंपनी के तीन कर्मचारियों पर दूसरी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कंपनी के कंप्यूटर, लाइसेंस प्राप्त सॉफ्टवेयर और अन्य संसाधनों का दुरुपयोग करने का आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, कर्मचारियों ने करीब 14 से 15 दूसरी कंपनियों के लिए 70 से 75 ऑर्डर का काम किया। मामले में पुलिस ने कंपनी के जीएम समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राइट टाउन स्थित गंगोत्री अपार्टमेंट के सामने रहने वाले अभिषेक बाधवा ट्योरिन सोलर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी संचालित करते हैं। उन्होंने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 2 अप्रैल 2026 को सिन्हा इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अनुराग सिन्हा ने उन्हें फोन कर जानकारी दी थी कि उनकी कंपनी के कर्मचारी सुमित सेन और सुभाष विश्वकर्मा ने साइट सर्वे के बाद दूसरी कंपनी से कम कीमत पर सोलर प्लांट लगवाने का प्रस्ताव दिया है।
आरोप है कि कर्मचारियों ने अनुराग सिन्हा को एक कथित फर्जी एनओसी भी दी थी। इसमें उल्लेख था कि सिन्हा इंडस्ट्रीज को ट्योरिन सोलर के अलावा किसी अन्य कंपनी से सोलर संयंत्र लगवाने पर कोई आपत्ति नहीं है।
इस जानकारी के बाद कंपनी संचालक ने कर्मचारियों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। 6 अप्रैल 2026 को कंपनी के सीसीटीवी कैमरों की जांच और आंतरिक पड़ताल के दौरान लाइजिंग टीम के सुमित सेन, डिजाइन टीम के सुभाष विश्वकर्मा और जनरल मैनेजर मोहम्मद फजल तबिश को कथित तौर पर दूसरी कंपनियों का काम करते हुए पकड़ा गया। मौके से कंपनी के कंप्यूटर और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, कंप्यूटर की जांच में कई आपत्तिजनक सामग्री मिली। इनमें ट्योरिन सोलर के डायरेक्टर की पासपोर्ट साइज फोटो, फोटोशॉप के जरिए तैयार किए गए हस्ताक्षर, कंपनी की सील और ऑडिट रिपोर्ट की कॉपी शामिल बताई गई है। इसके अलावा 14 से 15 अन्य कंपनियों का डेटा भी मिला, जिनके करीब 70 से 75 ऑर्डर का काम आरोपियों द्वारा किए जाने का दावा किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुभाष विश्वकर्मा दूसरी कंपनियों को सोलर प्लांट से संबंधित डिजाइन और तकनीकी ड्राइंग उपलब्ध कराते थे। इन ड्राइंग को एमपीईबी में जमा किया जाता था। सुमित सेन इनके अप्रूवल की प्रक्रिया संभालते थे, जबकि जीएम फजल तबिश तकनीकी खामियों को दूर करने का काम करते थे।
इसके अलावा सुमित सेन की व्हाट्सएप चैट में अन्य वेंडरों के साथ पैसों के लेन-देन से संबंधित साक्ष्य मिलने का भी दावा किया गया है। आरोप है कि तीनों ने कंपनी के लाइसेंस प्राप्त सॉफ्टवेयर, प्रोपराइटरी फॉर्मेट और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर दूसरी कंपनियों के ऑर्डर पूरे किए तथा उनके काम का सुपरविजन भी किया।
शिकायत के आधार पर लार्डगंज पुलिस ने सुमित सेन, सुभाष विश्वकर्मा और मोहम्मद फजल तबिश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब दस्तावेजों, कंप्यूटर डेटा और कथित वित्तीय लेन-देन की जांच कर मामले की वास्तविकता का पता लगा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

