सोलन में पटाखों की दुकान में लगी आग, कार जलकर राख
सोलन, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सोलन शहर में बुधवार दोपहर राजगढ़ मार्ग पर शामती बाईपास के समीप पटाखों की एक थोक दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखे पटाखे और अन्य सामान जलकर राख हो गए। वहीं, दुकान के बाहर खड़ी एक ऑल्टो कार भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन कर्मचारियों के पहुंचने तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार कर दुकान के अंदर उठ रही आग की लपटों पर काबू पाया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि सोलन शहर में इन दिनों पहले से ही पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। ऐसे में पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं पर काबू पाना अग्निशमन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
गनीमत रही कि दुकान के आसपास कोई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं था, अन्यथा आग से बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पटाखा विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

