कॉपर केबल चोरी का खुलासा, दो महिलाओं सहित तीन गिरफ्तार
शिमला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉपर तार चोरी के मामले में तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल भी बरामद की है। मामले की जांच थाना बालूगंज कर रहा है।
पुलिस ने थाना बालूगंज में बीएनएस की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता परेश शर्मा, निवासी नेरी, तहसील व जिला शिमला के बयान के आधार पर की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को गांव मानला में एक वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा दिखा। इसमें दो महिलाएं भी बैठी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद बोरी में कॉपर केबल (तार) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीशा (28) पत्नी भोला साहनी और संगीता (20) पत्नी अमर साहनी, दोनों निवासी जिला दरभंगा (बिहार) और अस्थायी रूप से फागली की झुग्गी-झोंपड़ी में रह रही थीं, के रूप में हुई। तीसरे आरोपी की पहचान मनोज कुमार (21) पुत्र तुल बहादुर, निवासी लोअर फागली, शिमला के रूप में हुई। पकड़े गए तीनों आरोपी कबाड़ का काम करते हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे चोरी की गई कॉपर तार को कबाड़ के रूप में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और बरामद तार को कब्जे में ले लिया।
थाना बालूगंज पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं ये आरोपी इलाके में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहे हैं।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

