शिमला: मंत्री आवास के पास पावर स्टेशन से तांबे की तार चोरी, तीन गिरफ्तार
शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में मंत्री आवास और लोक भवन के पास स्थित बिजली विभाग के पावर स्टेशन से तांबे की तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी बिहार के मूल निवासी हैं और शिमला में रह रहे थे। आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर आधी रात को तार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को ये जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक एक मार्च को बिजली विभाग की ओर से छोटा शिमला थाना में एक शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि लोक भवन और मंत्री आवास के नजदीक स्थित उनके एक पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी हो गई हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 अंतर्गत केस दर्ज किया और जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में कबाड़ की दुकानों और कबाड़ का काम करने वाले लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने संदेह के आधार पर रंजीत उर्फ डैनी से पूछताछ की, जो मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और फिलहाल शिमला के खलीनी इलाके में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक शुरुआत में आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा और गलत जानकारी देता रहा। इसके बावजूद पुलिस ने जांच जारी रखी और धीरे-धीरे उसके खिलाफ सबूत जुटाए। जांच के दौरान जब पुलिस ने आरोपी की गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से चोरी की गई तांबे की तारें बरामद हुईं। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 6 मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया और उससे गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि इस चोरी में उसके साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। उनकी पहचान सोनू सहानी (29 वर्ष) पुत्र नरेश साहनी निवासी गांव मुस्तफापुर, तहसील हनुमान नगर, जिला दरभंगा (बिहार) और अजय सहानी उर्फ लनटुन (25 वर्ष) पुत्र उदगार साहनी निवासी गांव मुस्तफापुर, तहसील हनुमान नगर, जिला दरभंगा (बिहार), जो फिलहाल शिमला में रह रहा था, के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। इस बीच दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए और कुछ समय तक छिपे रहे। पुलिस की लगातार दबिश के बाद जब दोनों शिमला से बाहर भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें 8 मार्च को सोलन जिला के कैथलीघाट के पास से दिल्ली की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले उन्होंने कई बार इलाके की रेकी की थी। इसके बाद 28 फरवरी की मध्यरात्रि को वे पावर स्टेशन पहुंचे और वहां से बिजली की तांबे की तार काटकर चोरी कर ली। चोरी के बाद तारों को जंगल के रास्ते मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां उन्होंने अपने साथी रंजीत उर्फ डैनी को बुलाया और तार उसकी गाड़ी में रखकर ले गए।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी कहीं ऐसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

