सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी, साढ़े चार घंटे चला सघन तलाशी अभियान
जयपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को राजधानी में हड़कंप मच गया। जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम पर सुबह अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर करीब साढ़े चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
धमकी की सूचना पर जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एटीएस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस की टीमें और अग्निशमन वाहन मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में तैनात किए गए। सुरक्षा दलों ने परिसर के चप्पे-चप्पे के साथ आसपास के क्षेत्र की भी गहन जांच की।
पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर आए कॉल की तकनीकी जांच शुरू की गई। कॉल करने वाले नंबर का विश्लेषण कर प्रताप नगर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उसकी पहचान सवाई माधोपुर निवासी लाला कोठयारी (38) के रूप में हुई है। उसे प्रताप नगर थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने नशे की हालत में धमकी भरा कॉल किया था। हालांकि उसने यह कॉल किस उद्देश्य से किया और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी, इसका खुलासा विस्तृत पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि राजधानी में मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी फोन कॉल और संदिग्ध ईमेल के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा भवन, उच्च न्यायालय, सवाई मानसिंह स्टेडियम सहित कई स्कूलों और अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। सुरक्षा एजेंसियां ऐसी प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाशी और सुरक्षा जांच करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

