home page

नशे में थे, दुर्घटना हो गई और फिर हो गया नशे के जखीरे का खुलासा

 | 

मंडी, 10 जून (हि.स.)। मंडी जिले के बल्ह थाना क्षेत्र में नशे के बड़े कारोबार का खुलासा तब हुआ जब तस्कर खुद नशे में थे और इसी के चलते अपने वाहन की दुर्घटना कर बैठे। सबसे हैरानीजनक व चौंकाने वाला वाक्या यह हुआ कि इसमें एक युवक के साथ साथ युवती भी शामिल थी जो दुर्घटना के कारण नशे के जखीरे के साथ दबोची गई और अब जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गई है।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि थाना बल्ह में मुकदमा संख्या 120/2026, धारा 18, 21, 25, 29 एनडीपीएस अधिनियम एवं धारा 281 बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया है। मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के उपरांत स्थानीय लोगों को वाहन चालक एवं उसके साथ मौजूद युवती के नशे की हालत में होने तथा वाहन में संदिग्ध नशीले पदार्थ होने का संदेह हुआ। सूचना मिलने पर थाना बल्ह पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा नियमानुसार वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 57.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 3.81 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अतिरिक्त नशे के सेवन में प्रयुक्त होने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री भी कब्जे में ली गई। इस मामले में वाहन चालक यशपाल निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा शबनम निवासी धर्मपुर, जिला मंडी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश करके उनका रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ी गई मात्रा अत्याधिक है और पुलिस पूरी सख्ती के साथ जांच कर रही है कि ये दोनों युवक युवती कहां से माल खरीद कर लाए और कहां बेचने के लिए ले जा रहे थे। किसी बड़े नशा कारोबारी गिरोह से इनके संबंध होने व इनकी संपति को लेकर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को देखते हुए जो सख्त हिदायतें व अन्य आदेश जारी किए हैं उनके तहत इस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा