home page

मैकेनिक की आड़ में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार

 | 
मैकेनिक की आड़ में चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार


शिमला, 01 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले में आगे की कड़ी जोड़ते हुए मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नरेश कुमार मनीमाजरा में मैकेनिक का काम करता था और इसी की आड़ में मादक पदार्थों की बिक्री और सप्लाई से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे 29 अगस्त को गिरफ्तार किया। अदालत से आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को रामपुर बुशैहर डिटेक्शन टीम ने सोफा कैंची किंगल के पास एक रिकवरी वैन की तलाशी ली थी। इस दौरान वाहन से 11.35 ग्राम चिट्टा या हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में कुलदीप, ललित, विक्रम और संजीव कुमार को गिरफ्तार किया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक पुलिस हिरासत के दौरान ललित कुमार से पूछताछ में सामने आया कि बरामद चिट्टा उसे और उसके साथियों को नरेश कुमार ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा में उपलब्ध करवाया था। इसके बाद पुलिस ने नरेश कुमार की भूमिका और उससे जुड़े सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि मनीमाजरा निवासी नरेश कुमार (60) पेशे से मैकेनिक है और मैकेनिक के काम की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और सप्लाई में शामिल था। पूछताछ और जांच से मनीमाजरा में चिट्टे की खरीद और सप्लाई में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आने के बाद शिमला पुलिस की टीम ने चंडीगढ़ पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा