मंडी में महिला समेत दो लोगों से पकड़ा चिट्टा, गिरफ्तार
मंडी, 25 जुलाई (हि.स.)। चिट्टा तस्करी में अब महिलाओं के संलिप्त होना बेहद चिंताजनक हो गया है। जिला पुलिस मंडी द्वारा दो मामलों में 29 ग्राम से अधिक चिट्टा पकड़ा गया जिनमें एक में महिला को चिट्टे के साथ दबोचा गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने यशपाल निवासी धड़वाहन, तहसील बल्ह जिला मंडी के कब्जे से 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया और उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में भी पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने ही जब फोरलेन पर पुंघ में नाका लगाया हुआ था तो दिल्ली से मनाली जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को जांच के लिए रोका। इस दौरान जब पुलिस को बस में सवार एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगी तो उसके हैंडबैग से 9 ग्राम 950 मिलीग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए महिला को चिट्टा सहित गिरफ्तार कर लिया तथा उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके पूछताछ की जा रही है।
दोनों को ही अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया गया है तथा उनसे चिट्टे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। इसकी खपत कहां करनी थी इसे लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी हालत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। महिला के बारे में बताया गया कि उसका नाम पिंकी है और वह द्रंग विधानसभा हल्के के शिवा बदार की रहने वाली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

