शिमला में महिला बेच रही थी चिट्टा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिमला, 08 अप्रैल (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला शिमला पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम को स्पेशल सेल शिमला की टीम थाना सदर शिमला के क्षेत्र में गश्त पर थी।
इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मनीमाजरा की रहने वाली करीब 40 वर्षीय एक महिला डाउनडेल स्थित कोडी बस्ती इलाके में हेरोइन (चिट्टा) बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मी के माध्यम से संदिग्ध महिला के पर्स की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही कब्जे में लेकर सील कर लिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में थाना सदर शिमला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी महिला को मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी महिला इस नशे के नेटवर्क से कब से जुड़ी हुई थी और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

