कार सवार युवती समेत दो लोगों से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 14 मई (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 17.7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में एक युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 13 मई की रात करीब तीन बजे थाना सुन्नी की पुलिस टीम घराटनाला क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कार नंबर HP30A-3588 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार दो लोगों के कब्जे से 17.7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान महेश कुमार और मनोरमा के रूप में हुई है। महेश कुमार मंडी जिले के करसोग का रहने वाला है, जबकि युवती मनोरमा हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र की निवासी है।
इस संबंध में थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद किया गया चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

