अंब में 6.24 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
ऊना, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अंब में एक युवक को 6.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 नवंबर की शाम को पुलिस थाना अंब की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इस पर हेड कांस्टेबल विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अन्दौरा रोड स्थित रामलीला ग्राउंड के समीप कार्रवाई की। इस दौरान अंब निवासी राहुल की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से 6.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस अब नशे की इस खेप के स्रोत और इसके आगे सप्लाई किए जाने वाले नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

