home page

नशामुक्ति केंद्र से लोहे की जाली काटकर 8 बच्चे फरार,

 | 
नशामुक्ति केंद्र से लोहे की जाली काटकर 8 बच्चे फरार,


जबलपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। शहर के दीनदयाल चौक बस स्टैंड के समीप संचालित परमार्थ नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र से रविवार देर रात 8 बच्चे रहस्यमयी परिस्थितियों में फरार हो गए। घटना के बाद संचार नगर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चों ने भागने के लिए पहले से सुनियोजित योजना बनाई थी। उन्होंने खिड़की और दीवार पर लगी लोहे की मजबूत जाली को काटकर बाहर निकलने का रास्ता तैयार किया और उसी रास्ते से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय केंद्र का अधिकांश स्टाफ गहरी नींद में था। इस बड़ी सुरक्षा चूक ने संस्थान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना बिना अंदरूनी लापरवाही के संभव नहीं है।

घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि केंद्र प्रबंधन ने अब तक पुलिस को इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी है। परिजनों और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रबंधन अपनी लापरवाही छिपाने के लिए मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। कई अभिभावकों को समय पर सूचना तक नहीं दी गई, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार के अनुसार, पुलिस के पास अब तक संस्थान की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिकायत के अभाव में पुलिस जांच शुरू नहीं हो सकी है।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक