home page

चेक बाउंस के तीन मामलों में वांछित अपराधी गिरफ्तार

 | 
चेक बाउंस के तीन मामलों में वांछित अपराधी गिरफ्तार


शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में पुलिस ने चेक बाउंस के तीन मामलों में वांछित यशपाल वर्मा (47) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत ने एक मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित किया था, जबकि दो अन्य मामलों में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। तीनों मामलों में कुल 14 लाख रुपये की राशि संबंधित है।

पुलिस के पीओ सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम ने जांगला बाजार से आरोपी को गिरफ्तार किया। वह जिला शिमला का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के तहत तीन मामले चल रहे हैं।

इनमें काला देवी बनाम यशपाल वर्मा मामले में एक लाख रुपये की राशि संबंधित है। दूसरे मामले में विनोद कुमार बनाम यशपाल वर्मा के तहत आठ लाख रुपये की राशि संबंधित है। तीसरा मामला हीरा सिंह बनाम यशपाल वर्मा का है, जिसमें पांच लाख रुपये की राशि संबंधित है।

पुलिस के मुताबिक इन तीनों मामलों में संबंधित राशि कुल 14 लाख रुपये है। चेक अनादरण से जुड़े मामलों में आरोपी के खिलाफ न्यायालय में कानूनी कार्रवाई चल रही थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि गिरफ्तारी के बाद यशपाल वर्मा को सहायक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम), कोर्ट नंबर-1 रोहड़ू के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे 17 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू शिमला भेजने के आदेश दिए।

उन्होंने बताया कि उद्घोषित अपराधियों को पकड़ने और न्यायालयों की ओर से जारी वारंटों की तामील के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा