home page

दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में महिला गिरफ्तार

 | 
दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में महिला गिरफ्तार


शिमला, 18 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने दो लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के खिलाफ जिला मंडी के करसोग स्थित अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिसके बाद रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार यह मामला चेक अनादरण (चेक बाउंस) से जुड़ा है। शिकायतकर्ता जिया लाल की ओर से दायर मामले में न्यायालय एल.डी. जेएमएफसी करसोग ने धारा 138, नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आरोपी महिला के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

वारंट की तामील के लिए पुलिस थाना रामपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 जून 2026 को आरोपी नीता देवी, पत्नी सीता राम, निवासी गांव डँसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को नियमानुसार करसोग स्थित संबंधित अदालत में पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि अदालतों से जारी वारंटों और अन्य आदेशों की समय पर तामील सुनिश्चित करने के लिए जिला शिमला में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत फरार या वांछित आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया का प्रभावी ढंग से पालन हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा