home page

शिमला : चेक बाउंस के दो मामलों में फरार आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेज़ा जेल

 | 
शिमला : चेक बाउंस के दो मामलों में फरार आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेज़ा जेल


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने साल 2024 के दो मामलों में फरार चल रहे आरोपी कपिल देव उर्फ कपिल थो़प्टा को गिरफ्तार किया है। वह रोहड़ू क्षेत्र के गांव शल्लान का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस से जुड़े दो अलग-अलग मामले दर्ज थे, जिनमें उस पर निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत कार्रवाई चल रही थी। इन मामलों में अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए थे, क्योंकि वह लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहा था।

जांच में सामने आया था कि आरोपी ने अपनी वित्तीय देनदारियों को पूरा करने के लिए जो चेक जारी किए थे, वे बैंक में प्रस्तुत करने पर अपर्याप्त धनराशि या अन्य कारणों से बाउंस हो गए थे। इसी वजह से दोनों मामले अदालत में लंबित थे।

रोहड़ू पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार अभियान चलाया और सुनियोजित कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील भी सुनिश्चित की।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा