कनाडा भेजने के नाम पर 25 लाख की ठगी, फरार महिला चंडीगढ़ से गिरफ्तार
शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। विदेश भेजने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी मंजू कुमारी को चंडीगढ़ के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी के एक फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता की बहन को कनाडा भेजने का झांसा देकर भारी रकम ऐंठने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार थाना बालूगंज, शिमला में दिनांक 21 नवंबर 2025 को बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), 352(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बहन भावना को विदेश भेजने के नाम पर आरोपियों ने करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
मामले के पंजीकरण के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन वे लगातार ठिकाने बदलते रहे। जांच में सामने आया कि आरोपी जानबूझकर मोबाइल सिम बदल रहे थे और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क में रहकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीमों ने पहले भी पंजाब और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे।
इसके बाद पुलिस ने गहन तकनीकी जांच शुरू की। इसी कड़ी में 22 फरवरी 2026 को एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चंडीगढ़ के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी में छापा मारकर मंजू कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की पुष्टि हुई है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस धोखाधड़ी में एक महिला की चंडीगढ़ से गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है। अन्वेषण अभी प्रगति पर है।
इस मामले की शिकायतकर्ता महिला गुजरात के गांधीनगर की मूल निवासी है और वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल, शिमला के मेडिकल ट्रेनिंग सेंटर में तैनात है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसकी बहन को विदेश भेजने के नाम पर करीब 25 लाख रुपये की ठगी की।
शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर पैसे मांगने वाले एजेंटों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

